मुंबई। मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी-लिंक मार्ग पर स्थित टोल प्लाजा के समीप बीती रात छह वाहन आपस में एक के बाद टकरा गए। इस घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि छह लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों का इलाज बांद्रा स्थित भाभा अस्पताल और लीलावती अस्पताल में किया जा रहा है।
हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त कृष्णकांत उपाध्याय ने शुक्रवार को बताया कि बीती रात बांद्रा-वर्ली सी-लिंक पर टोल प्लाजा से 100 मीटर पहले वर्ली से बांद्रा जा रही तेज रफ्तार इनोवा कार, मर्सिडीज कार टकरा गई। इसके बाद हादसे का शिकार हुई कार ने टोल प्लाजा के पास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मार दी।
इस घटना में इनोवा और मर्सिडीज के अलावा अन्य छह कारें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। घायलों में से 4 लोगों की हालत स्थिर है, जबकि 2 अन्य की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायलों में से एक का इलाज लीलावती अस्पताल में चल रहा है, जबकि पांच अन्य भाभा अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों में इनोवा कार का ड्राइवर भी शामिल है।
इसे भी पढ़ें- दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार पांच लोगों की मौत, तीन गंभीर
इसे भी पढ़ें- कैट ने लगाया धनतेरस पर 50 हजार करोड़ के व्यापार का अनुमान
