गोरखपुर। आज साल 2024 का पहला दिन है यानी नया साल है और उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भीषण ठंड के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में जनता दरबार लगाया और लोगों की समस्याएं सुनी। सीएम ने जनता दरबार में आये लोगों को त्वरित समाधान का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि हर पीड़ित की समस्या का गुणवत्ता परक निस्तारण हो। इसमें किसी भी तरह की हीला-हवाली नहीं होनी चाहिए।
बता दें कि मुख्यमंत्री ने अपने गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान साल 2024 के पहले दिन सोमवार की सुबह जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को दिया और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश भी दिया। सीएम ने कहा, जनता दर्शन में आये हर पीड़ित की समस्या का समाधान किया जायेगा।
प्रतिकूल मौसम को देखते हुए इस बार जनता दर्शन मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में किया गया। यहां कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक फरियादी से मिले। जनता दर्शन में एक महिला ने दबंग द्वारा मारे-पीटे जाने की पीड़ा बताई तो मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल इस मामले पर कार्रवाई करने का आदेश दिया।
इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी ने बनारस की जनता को दी 19, 150 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
इसे भी पढ़ें- परेशान न हों, इलाज में बाधक नहीं बनेगी धन की कमी : सीएम योगी
