लखनऊ। समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने संगठन को मजबूत करने के साथ ही बूथ स्तर तक के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार रणनीति बना कर काम करने का मंत्र दिया है। इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ मुख्यालय पर संगठन और पदाधिकारियों संग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मंगलवार को बैठकों का दौर जारी रहा। बैठक के दूसरे दिन पार्टी अध्यक्ष ने पदाधिकारयों को जीत का मंत्र दिया।
इस संबंध में पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों से कहा है कि जीत के लिए जितना वोट उन्हें पहले मिला था, इस बार उससे ज्यादा होने चाहिए। अपने पार्टी प्रत्याशी की मदद करें और उन्हें ज्यादा से ज्यादा वोट दिलाएं। हमें उम्मीद है आने वाले समय में उत्तर प्रदेश का परिणाम ऐसा होगा, जिससे भारतीय जनता पार्टी का सफाया होगा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा लगातार इस बात का प्रचार कर रही है कि विकसित भारत बनेगा, क्या विकसित भारत किसानों के बिना आय बढ़ाए हो जाएगा?
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों ने उत्तर प्रदेश के हर शहर में मेट्रो सुविधा दी है। यहां लखनऊ, कानपुर, आगरा, दिल्ली से नोएडा,ग्रेट नोएडा जोड़ने वाली सभी मेट्रो परियोजनाएं समाजवादियों की ही देन है। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव, राम गोविंद चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल समेत अन्य पार्टी के नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें- सपा के कई नेताओं ने छोड़ा पार्टी का साथ, थामा कांग्रेस का हाथ
इसे भी पढ़ें- हर वर्ग का ख्याल रखते हैं समाजवादी लोग: अखिलेश यादव
