नई दिल्ली। इस देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पर रही है। ऐसे में ठंड से बचने के लिए अंगीठी और हीटर का सहारा ले रहे हैं। हालाकिं अंगीठी का धुआं लोगों की जान का दुश्मन भी बन रहा है। देश की राजधानी दिल्ली में भी इस समय कड़ाके की सर्दी पड़ रही है, जिससे यहां दो लोगों की घर में ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यहां द्वारिका उपनगरीय में दोनों पति-पत्नी अपने दो महीने के बच्चे के साथ रहते थे। इन लोगों ने सर्दी से बचने के लिए कमरे में अंगीठी जला रखी थी जिसके धुएं से पति पत्नी की दम घुटने से मौत हो गई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया कि अंगीठी से निकलने वाले धुएं से ही उनकी मौत हुई है। मौके पर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया। डीसीपी द्वारका एम हर्षवर्धन ने बताया कि सुबह 9:30 बजे उन्हें पीसीआर कॉल मिली थी कि सेक्टर 23 द्वारका में एक कमरे में बच्चा रो रहा है और उनके पैरेंट्स कमरे में ही बेसुध पड़े हैं।
खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। इस पर पड़ोसी खिड़की तोड़कर अंदर घुसा और कमरे का दरवाजा खोला तब पुलिस अंदर घुसी और जांच पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि ये लोग मूलतः उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के रहने वाले थे। वे यहां द्वारका के पोचनपुर गांव में किराए पर रहते थे। मृतकों की पहचान मानव और उसकी पत्नी नेहा के रूप में हुई है। इनका 2 महीने का बच्चा अभी हॉस्पिटल में भर्ती है। ये दोनों द्वारका में मजदूरी करते थे।
इसे भी पढ़ें- कमरे में आग जलाकर सो गया परिवार, दम घुटने से पांच की मौत
इसे भी पढ़ें- उफ़ ऐसी ठंड! शीतलहर से बचने के लिए जलती चिता के बगल में लेटा बुजुर्ग
