नई दिल्ली। कांग्रेस ने अयोध्या में हो रहे राम मंदिर उद्घाटन कार्यक्रम का न्योता ठुकरा दिया है। पार्टी ने कहा है कि रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अधीर रंजन चौधरी नहीं शामिल होंगे। इस बात की जानकारी पार्टी नेता जयराम रमेश ने दी। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम में जाने से इंकार कर दिया है।
इनके अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता और पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी भी इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं करेंगे। हालांकि इस फैसले का विरोध पार्टी में ही शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता अर्जुन मोढवाडिया ने पार्टी के इस फैसले की आलोचना की है और इसे गलत ठहराया है। आपको बता दें कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अधीर रंजन को प्राण प्रतिष्ठा समारोह के शामिल होने का न्योता दिया था जिसे पार्टी ने ठुकरा दिया है।
कांग्रेस ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को बीजेपी और आरएसएस का कार्यक्रम बताया है। वहीं पार्टी के इस फैसले का विरोध करते हुए अर्जुन मोढ़वाड़िया ने कहा है कि भगवान श्री राम आराध्य देव हैं। यह देशवासियों की आस्था और विश्वास का विषय है। ऐसे में कांग्रेस को इस तरह के राजनीतिक निर्णय नहीं लेने चाहिए। अर्जुन मोढवाडिया के बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक अंबरीश डेर ने भी पार्टी के इस फैसले की आलोचना की है।
उन्होंने एक्स पर लिखा है, मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम हमारे आराध्य देव हैं और देश के अनगिनत लोगों की आस्था इस नवनिर्मित मंदिर से जुड़ी हुई है। कांग्रेस के कुछ लोगों को उस खास तरह के बयान से दूरी बनाए रखनी चाहिए और जनभावना का दिल से सम्मान करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- मिशन 2024: रायबरेली और अमेठी में भी कांग्रेस को होगी सपा की दरकार
इसे भी पढ़ें- भारत की उन्नति ही कांग्रेस का उद्देश्य: खड़गे
