लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुक्रवार को दो पक्ष भिड़ गए। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। इस घटना में गोली लगने से भाई-बहन घायल हो गये। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह दौलतगंज के रहने वाले मोनू की गाड़ी खड़ी करने को लेकर मनोज मिश्र से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मनोज ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से मोनू और उसकी बहन घायल हो गये। फायरिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में मनोज ने फायरिंग की जिसमें भाई-बहन घायल हो गये हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं आरोपित मनोज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इसे भी पढ़ें- तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, दो की मौत, तीन घायल
इसे भी पढ़ें- गलगोटिया यूनिवर्सिटी में भिड़े छात्र गुट, छात्रा समेत तीन घायल
