अयोध्या। आज अयोध्या में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों विधि-विधान से भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की साक्षी देश ही नहीं दुनिया भर के तमाम लोग बने। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि राम आग नहीं ऊर्जा हैं, वह विवाद नहीं समाधान हैं, वह वर्तमान नहीं अनंतकाल हैं, वह भारत के आधार भी हैं और विचार भी हैं।
पीएम ने आगे कहा कि यही समय है, सही समय है। उन्होंने कहा कि आज से इस समय तक अगले 1000 साल तक की नींव रखनी है. मंदिर निर्माण से आगे बढ़कर सभी देशवासी भव्य और दिव्य भारत के निर्माण की सौगंध लेते हैं। राम मंदिर तो राष्ट्रनिर्माण की सीढ़ी है। पीएम ने कहा कि हनुमान की भक्ति, सेवा और समर्पण को हमें बाहर नहीं ढूढ़ना पड़ता है, हर भारतीय में ये गुण निहित है और यही देव से देश और राम से राष्ट्र का आधार बनेंगे। उन्होंने कहा कि सदियों की प्रतीक्षा के बाद आज अयोध्या में हमारे राम विराजमान हो गए हैं। यह पल पवित्रतम है।
22 जनवरी 2024 का यह सूर्य एक अद्भुत आभा लेकर आया है, आज की तारीख कैलेंडर पर लिखी डेट नहीं यह एक नए कालचक्र का उद्गम है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत “सियावर रामचंद्र की जय” बोलकर की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अयोध्या में हनुमान भी हैं, यही वजह है कि मैं हनुमानगढ़ी को भी प्रणाम करता हूं, मैं उनके अलावा और देवताओं और अयोध्यापुरी और सरयू को भी प्रणाम करता हूं, मैं इस वक्त दैवीय अनुभव कर रहा हूं जिनके महान आशीर्वाद से यह काम पूरा हुआ है।
इसे भी पढ़ें- खत्म हुआ इंतजार: अयोध्या में 22 जनवरी को विराजमान होंगे राम भगवान
इसे भी पढ़ें- 22 जनवरी को अयोध्या में जुटेंगे देश दुनिया के वीवीआईपी
