बदायूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बदायूं के दातागंज स्थिति गांव सैजनी में बायोगैस प्लांट का उद्घाटन करने के साथ ही जिले को 400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने 44 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ मंच पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने भारत माता की जय और जय श्रीराम के साथ शुरू किया। उन्होंने अयोध्या में बने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ है। 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के साथ ही भारत के गौरव की भी प्राण प्रतिष्ठा हुई है। यही रामराज्य है। जब सरकारें अच्छी होती हैं, तो आस्था का सम्मान होता है।
सीएम योगी ने कहा कि बदायूं जनपद के दातागंज में बायोगैस प्लांट का उद्घाटन पीएम मोदी के विजन को धरातल पर उतारकर नई शुरुआत है। ये प्लांट जिले के तमाम किसानों की समृद्धि, युवाओं के रोजगार और पर्यावरण रक्षा का नया माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बरेली, सीतापुर और बहराइच समेत प्रदेश के आठ जिलों में भी बायोगैस प्लांट लगाए जा रहे हैं। इस अवसर पर इन जिलों में बायोगैस प्लांट का शिलान्यास किया गया है। हर प्लांट के लिए 50 एकड़ जमीन चाहिए। इसमें 100 युवाओं को नौकरी मिलेगी। वहीं किसानों की आय भी दोगुनी होगी। प्लांट में गैस के साथ कंपोस्ट बनेगा, जिसे हम वेस्ट कहते हैं, यही अब वेल्थ बनेगा।
इसे भी पढ़ें- मुख्यमंत्री योगी ने दीवार पर बनाया कमल का फूल, लिखा-एक बार मोदी…
इसे भी पढ़ें- मुख्यमंत्री योगी ने गोरखनाथ मंदिर में चढ़ाई आस्था की खिचड़ी