लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की सत्ता को उखाड़ फेंकने के उद्देश्य से लोकसभा चुनाव के लिए बने भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (I.N.D.I.A.) की स्थिति अब उत्तर प्रदेश में भी लड़खड़ाती हुई नजर आ रही है। कहा जा रहा है कि राज्य में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी को झटका दे सकती है। दरअसल, सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस की बहुजन समाज पार्टी से बात चल रही है। वह गठबंधन के लिए बसपा से बात कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सम्मानजनक सीट चाहती है। बताया जा रहा है कि सपा द्वारा उम्मीदवारों के एलान से भी कांग्रेस नाराज बताई जा रही है। बता दें कि बीते दिनों सपा ने 16 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। इनमें से कुछ सीटें वह भी थीं जिस पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारना चाह रही थी। सूत्र ने कहा कि सपा की एकतरफा घोषणाओं से कांग्रेस असंतुष्ट है।
इन सबके बीच कांग्रेस के साथ गठबंधन पर समाजवादी पार्टी सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, ‘कांग्रेस का समाजवादी पार्टी के साथ अंतिम समझौता हो गया है। वहीं ‘INDIA’ में BSP की संभावना पर डिंपल यादव ने कहा कि यह हाईकमान तय करेगा। हालांकि बसपा पहले ऐलान कर चुकी है कि वह किसी भी अलायंस का हिस्सा नहीं रहेंगी।
इसे भी पढ़ें- ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ के पक्ष में नहीं है कांग्रेस: खरगे
इसे भी पढ़ें- बिना कांग्रेस के अलायंस बनाने को तैयार हुई सपा! इस पार्टी के साथ बनी बात
