लखनऊ। लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां अब पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है तो वहीं बीजेपी और सपा भी जनता तक पहुंच बना रही है। अब खबर आ रही है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि अखिलेश ने इसकी जानकारी मंगलवार की शाम एक पत्र जारी करके दी। अखिलेश के इस फैसले पर भारतीय जनता पार्टी के नेता और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं है।
बता दें सपा सुप्रीमो ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उस पत्र को स्वीकार कर लिए जिसमें उन्होंने राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल की बता कही थी। बताया जा रहा है कि सपा प्रमुख ने 16 फरवरी को यात्रा के उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के बाद अमेठी या रायबरेली में पहुंचने पर उसमें शामिल होने की बात कही है। सपा सुप्रीमो ने उम्मीद जताई है कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश करके पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की रणनीति से जुड़ेगी और हमारे ‘सामाजिक न्याय’ और ‘परस्पर सौहार्द’ के आंदोलन को आगे बढ़ाने में सहायक होगी। उन्होंने ये भी उम्मीद जताई है कि इंडिया की टीम और पीडीए की रणनीति, जीत का नया इतिहास लिखेगी।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले अखिलेश यादव ने कहा था कि उन्हें राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण नहीं मिला है। इस कांग्रेस के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा था कि रूट तय होने के बाद सहयोगी दलों को यात्रा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। वहीं अब अखिलेश के न्याय यात्रा में शामिल होने की बात सामने आते ही उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि यह ‘अन्याय यात्रा’ है, न्याय यात्रा नहीं, वह (अखिलेश यादव) कई बार विफल रहे हैं और लोगों ने उन्हें खारिज कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं है।
इसे भी पढ़ें- कटिहार से होते हुए पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई राहुल की न्याय यात्रा
इसे भी पढ़ें- न्याय यात्रा: राहुल ने इंफाल के सेकमई से शुरू की आज दूसरे दिन की यात्रा