रांची। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हैं। उनकी इस यात्रा का दूसरा चरण बुधवार को शुरू झारखंड से होना था लेकिन अब उसे रद्द कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी दिल्ली में किसानों के आंदोलन में शामिल होने के लिए गए हैं। दरअसल, पंजाब के किसान अपनी मांगों के लिए दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं।
पार्टी के प्रवक्ता सोनल शांति ने बताया कि ‘मंगलवार की देर रात निर्णय लिया गया कि राहुल गांधी किसान आंदोलन में शामिल होंगे, इसके बाद ही झारखंड में भारत जोड़ो न्याय यात्रा कार्यक्रम को रद्द किया गया।’ उन्होंने कहा कि बाद में इस यात्रा को फिर से शुरू किया जाएगा। सोनल शांति के मुताबिक, राहुल गांधी गढ़वा जिले के रंका में मनरेगा श्रमिकों के साथ संवाद करने वाले थे, लेकिन अब उनका कार्यक्रम रद्द होने के बाद ये बातचीत कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश और पार्टी के अन्य नेता करेंगे। दरअसल बुधवार को राहुल गांधी छत्तीसगढ़ से गढ़वा जिले से झारखंड में प्रवेश करने वाले थे।
सोनल ने बताया कि अब कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर, एनएसयूआई प्रभारी कन्हैया कुमार और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता बुधवार को रंका में मनरेगा श्रमिकों से मुलाकात करेंगे और उनका हाल जानेंगे। आपको बता दें कि राहुल गांधी 15 फरवरी को बिहार जाने से पहले दो दिन के लिए झारखंड में कार्यक्रम करने वाले थे, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी को मणिपुर की राजधानी इंफाल से हुई थी और इस यात्रा का समापन 20 मार्च को मुंबई में होना है।
इसे भी पढ़ें- किसान आंदोलन: अभेद सुरक्षा व्यवस्था के घेरे में आया दिल्ली बॉर्डर, 15 जिलों में धारा 144 लागू
इसे भी पढ़ें- राकेश टिकैत ने किया आंदोलन का समर्थन, कहा-किसानों के लिए दिल्ली दूर नहीं
