लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2024 में मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के मकसद से एकजुट होकर विपक्ष ने इंडिया गठबंधन बनाया था, जो अब लगभग टूट चुका है। पहले बिहार में और अब उत्तर प्रदेश में भी ये गठबंधन खत्म होता हुआ नजर आ रहा है। दरअसल, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे पर बात नहीं बन पा रही है।
बता दें कि कांग्रेस ने प्रदेश में 20 सीटें मांगी थी, लेकिन समाजवादी पार्टी उसे 17 सीटें ही दे रही है, जिस पर कांग्रेस तैयार नहीं है। ऐसे में दोनों के बीच मनमुटाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं सपा ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों का ऐलान करना शुरू कर दिया है। उसने बीते दिन प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी हैं और अब सपा ने उन सीटों पर भी अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं, जो कांग्रेस के लिए प्रस्तावित थीं। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को प्रस्तावित वाराणसी में अपना प्रत्याशी उतर दिया है जबकि अमरोहा और बागपत में प्रभारी देकर ‘एकला चलो’ का संदेश दे दिया है।
बताया जा रहा है कि बीते सोमवार को सीट बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के बीच देर रात तक वार्ता चली लेकिन बात नहीं बनी। कांग्रेस मुरादाबाद, बिजनौर और बलिया की सीट चाहती थी, लेकिन समाजवादी पार्टी ये सीटें देने को तैयार नहीं है। ऐसे में अब उत्तर प्रदेश में भी इंडिया गठबंधन टूटता हुआ नजर आ रहा है। वहीं सपा नेतृत्व का कहना है कि उसे कांग्रेस को जो सीटें देनी थी, वह दे दी गई हैं। अब फैसला कांग्रेस को करना है कि वह में गठबंधन में रहना चाहती हैं या नहीं।
इसे भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन के चेयरमैन बनाये गए खरगे, बैठक में शामिल नहीं हुई TMC
इसे भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन का हिस्सा क्यों बनना चाहते हैं बसपा सांसद, क्या होगा मायावती का रुख?
