मेरठ। जनपद के सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में युवक की शराब पीने के बाद तवे और ईंट से कूंच-कूंच हत्या कर दी गई। उसका शव गुरुवार को पड़ोसी के खाली मकान में मिला। शव मिलने की खबर इलाके में आग की तरह फ़ैल गई, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के मुताबिक सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में गुरुवार को एक युवक का शव खाली मकान में मिला। मृतक की पहचान अजय पुत्र रामफल के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि लोहे के तवे और ईंट से पीट-पीटकर युवक को मौत के घाट उतारा गया है। आसपास के लोगों से हुई पूछताछ में पता चला कि अजय मोदीपुरम में मजदूरी करता था। बुधवार को काफी दिनों बाद वह गांव में पहुंचा तो रात में दोस्तों के साथ एक खाली मकान में पार्टी की।
इसी दौराब शराब पीने के बाद हुए किसी विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई। बेटे की हत्या से मां सत्तो देवी का रो -रो कर बुरा हाल है। सत्तो देवी ने बताया कि शादी के 20 वर्ष बाद अजय का जन्म हुआ था। उनके घर का तो चिराग ही बुझा दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
इसे भी पढ़ें- अवैध संबंध में पत्नी की गला घोंट कर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
इसे भी पढ़ें- 50 लाख की फिरौती न मिलने पर व्यापारी पुत्र की हत्या