मुरादाबाद। राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज शनिवार को मुरादाबाद पहुंची। यहां राहुल गांधी और प्रियंका गांधी में खुली जीप में सवार होकर जनता से संवाद किया और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने किसान आंदोलन, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को उठाकर भाजपा को घेरने का प्रयास किया।
बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने न्याय यात्रा का आगाज करने के लिए मुरादाबाद को केंद्र बनाया है।मुरादाबाद प्रियंका गांधी का ससुराल भी है। यहां कार्यक्रम स्थल पर आज सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी। इस यात्रा में भाग लेने के लिए प्रियंका गांधी करीब दो साल बाद अपने ससुराल आ रही हैं। इससे पहले प्रियंका ने 10 फरवरी 2022 को मुरादाबाद में विधान सभा चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में रोड शो किया था। वहीं राहुल गांधी इसमें भाग लेने के लिए नई दिल्ली से सुबह ही रवाना हो गए।
मुरादाबाद के बाद न्याय यात्रा अमरोहा और फिर संभल पहुंचेंगी। न्याय यात्रा को लेकर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया है कि मुरादाबाद से शुरू होने वाली यात्रा में प्रियंका गांधी मुख्य रूप से भाग लेंगी। यह यात्रा का 42 वां दिन होगा। वहीं 25 तारीख को ये संभल से होते हुए आगरा पहुंचेगी, जहां सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव इसमें शामिल होंगे। इसके बाद 26 फरवरी से 1 मार्च तक यात्रा स्थगित रहेगी। राहुल और प्रियंका गांधी के आगमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने यहां सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं।
पूरे यात्रा मार्ग को तीन जोन और आठ सेक्टर में बांटा गया है, जिसमें तीन एएसपी, आठ सीओ और 12 एसएचओ की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं कई थानों की फ़ोर्स भी तैनात की गई है। थानों की फोर्स के साथ ही चार सौ पुलिसकर्मी और पीएसी जवानों की दो कंपनी लगाई गई हैं। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। जामा मस्जिद चौराहे से संभल चौराहा डबल फाटक तक ऊंची इमारतों पर भी पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होंगी पल्लवी पटेल
इसे भी पढ़ें- ‘;भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होंगे अखिलेश, बीजेपी बोली- ‘न्याय नहीं अन्याय यात्रा है’