लखनऊ। समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें कम होने की बजाय बढ़ती ही जा रही हैं। पहले से ही जेल में बंद में सोलंकी के आवास पर अब ईडी की रेड पड़ी है। इसके साथ ही उनके भाई और अन्य रिश्तेदारों के घर पर भी ईडी ने छापेमारी की है।
रिपोर्ट है कि पहले से ही जेल में बंद सपा के विधायक इरफान सोलंकी के जाजमऊ वाले घर पर आज सुबह तड़के करीब पांच बजे ईडी की टीम पहुंच गई। इसके साथ ही पुलिस ने उस पूरे इलाके को घेर लिया और किसी के भी आने जाने पर रोक लगा दी। इस दौरान टीम ने सभी के मोबाइल जब्त कर लिए। टीम परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि ईडी इरफान सोलंकी की बेनामी संपत्ति को लेकर जांच कर रही है। हालांकि इस बारे में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। बताते चलें कि इरफान सोलंकी इन दिनों उत्तर प्रदेश की महाराजगंज जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ 14 मार्च को आगजनी और आचार संहिता उल्लंघन के मुकदमे में फैसला आना है। उन पर कानपुर में जाजमऊ की डिफेंस कॉलोनी में रहने वाली नजीर फातिमा के घर आगजनी करने का आरोप है।
फातिमा ने सोलंकी पर जमीन कब्जाने के लिए घर में आग लगाने का आरोप लगाया है। इस मामले के आरोप में ही दिसंबर 2022 में इरफान सोलंकी को जेल भेजा गया था। हालांकि इरफान सोलंकी ने खुद को निर्दोष बताया था और कहा था कि उन्हें फंसाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें- UP Politics: स्वामी प्रसाद मौर्य ने बनाई नई पार्टी, नाम रखा ये…
इसे भी पढ़ें- महासचिव पद से इस्तीफा दिया है, न कि पार्टी छोड़ी है: स्वामी प्रसाद मौर्य
