मथुरा। बीजेपी से लोकसभा प्रत्याशी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने गुरुवार को नामांकन किया। नामांकन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके समर्थन में विजय संकल्प जनसभा की। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा अयोध्या, मथुरा और काशी में सबसे पहले चुनाव मथुरा में हो रहा है, तो संदेश भी यहीं से जाना चाहिए। सीएम ने कहा, अयोध्या में रामलला विराजमान हो गए हैं। काशी का भी काम हो गया है। अब मथुरा की बारी है। राम आ गए हैं, जल्द ही कृष्ण भी आएंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत राधे-राधे बिहारी लाल के जयकारों से की। उन्होंने कहा, हेमा मालिनी ने इस क्षेत्र को नई पहचान दी है। वह इस क्षेत्र से तीसरी बार नामांकन कर रही हैं। उन्होंने आगे- कहा नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने पर हर दल का प्रत्याशी आएगा। किसी भी दल में प्रत्याशी ढूंढे नहीं मिल रहा है। सीएम ने कहा, यहां की जनता ने कांग्रेस, सपा और बसपा को भी अवसर दिया, लेकिन सभी ने जनता को ठगा।
ब्रज का विकास भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार में हुआ है। अयोध्या के लिए 500 वर्षों का इंतजार किया, मगर संघर्ष से कभी पीछे नहीं हटे। मथुरा का मामला भी कोर्ट में है, निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। राम आए हैं, कृष्ण भी आएंगे।
इसे भी पढ़ें- अमेठी की सियासत सिर्फ कांग्रेस और बीजेपी के बीच ही क्यों ?
इसे भी पढ़ें-वेस्ट यूपी को ‘बेस्ट’ बनाने के लिए जुटेंगे बीजेपी के दिग्गज, चुनावी रण में उतरे योगी, मोदी, शाह और नड्डा