उन्नाव। अक्सर अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रहने वाले बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने आम चुनाव की तैयारियों के बीच एक बार फिर से विवादित बयान दे दिया है। उनके इस बयान से प्रदेश में सियासत गरमा गई है। बीजेपी सांसद ने एक सार्वजनिक बैठक में कहा कि चार महिलाएं और 40 बच्चे नहीं चलेंगे। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर से जनसंख्या नियंत्रण कानून को लागू करने की वकालत की।
बता दें कि साक्षी महाराज बीजेपी के टिकट से उन्नाव से चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में वे लगातार अपने क्षेत्र में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं और जनता से रूबरू हो रहे हैं। बुधवार को भगवंतनगर की बिगापुर विधानसभा में एक जनसभा को संबोधित करते समय साक्षी महाराज अपने पुराने अंदाज में नजर आए। उन्होंने कहा, अभी दो काम बचे हैं, जिनमें से एक है जनसंख्या नियंत्रण कानून, ये तभी बनेगा जब पीएम मोदी एक बार फिर से सत्ता में आएंगे। साक्षी महाराज ने कहा कि हमारा एक काम जन्म नियंत्रण कानून लागू करना है, जिसमें हम दो हमारे दो कि व्यवस्था होगी। उन्होंने मंच से कहा कि देश में चार बीबीयां और चालीस बच्चे नहीं चलेंगे। यहां जनसंख्या बढ़ रही है, जमीनें घट रही हैं।
उन्होंने कहा, अगर ऐसा ही चलता रहा तो हम कहां रहेंगे? हम क्या खाएंगे और क्या पैदा करेंगे? भाजपा सांसद ने कहा, जनता नियंत्रण कानून राष्ट्रहित में हैं। बता दें कि साक्षी महाराज लगातार दो बार उन्नाव से बीजेपी सांसद रहे हैं। पार्टी ने इस बार भी उन्हें टिकट दिया है। वहीं समाजवादी पार्टी की तरफ से अनु टंडन मैदान में हैं। अनु टंडन 2009 में कांग्रेस के टिकट से यहां से सांसद बनीं। उन्नाव में चौथे चरण में यानी 13 मई को वोटिंग होनी है।
इसे भी पढ़ें-साक्षी महाराज ने दिया विवादित बयान, कहा-‘राहुल गांधी का DNA टेस्ट होना चाहिए’
इसे भी पढ़ें-संपूर्ण विश्व मानस बनेगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह का साक्षी: स्वामी अड़गड़ानंद