रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार (6 मई) को झारखंड की राजधानी रांची में कई जगहों पर रेड डाली। इस दौरान झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री और राज्य के वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम के निजी सचिव संजीव लाल के घरेलू सहायक के यहां भी छापेमारी की गई है। ईडी को यहां से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी की तरफ से वीरेंद्र राम मामले को लेकर मंत्री आलमगीर आलम पर शिकंजा कसा गया है।
गौरतलब है कि ईडी ने झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्रालय के चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम को फरवरी 2023 में मनी लांड्रिंग मामले में अरेस्ट किया था। जांच एजेंसी ने कुछ योजनाओं को लागू करने में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वीरेंद्र राम के खिलाफ शिकंजा कसा था। एजेंसी ने 2019 में उनके एक सब ऑर्डिनेट से भारी मात्रा में नकदी भी बरामद की थी। इसके बाद ईडी ने पीएमएलए के तहत केस को अपने हाथ में ले लिया था।
जानकारी के मुताबिक निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क निर्माण व अन्य टेंडर जारी करने के बदले 3 परसेंट से लेकर 1 परसेंट तक कमीशन लेता था। ये बात उसने पूछताछ में कबूली भी थी। ईडी ने बाद में वीरेंद्र राम की करोड़ो रूपये की चल-अंचल संपत्ति को अपनी जांच के घेरे में ले लिया था। एजेंसी को शक है कि पिछले साल झारखंड कर ग्रामीण इलाकों की सड़क के निर्माण के लिए 10 हजार करोड़ के भी टेंडर अलॉट किए गए थे। इस टेंडर को एलाट करने में भी मोटा कमीशन लिया गया होगा। जांच एजेंसी को शक था कि निलंबन के बावजूद वीरेंद्र राम अभी भी टेंडर रैकेट से जुड़ा था।
आलमगीर आलम कौन हैं?
आलमगीर आलम झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और वे पाकुड़ विधानसभा से चार बार विधायक रह चुके हैं। मौजूदा समय में वह झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की गठबंधन सरकार में संसदीय कार्य और ग्रामीण विकास मंत्री का जिम्मा संभाल रहे हैं। वह 2006 से 2009 तक झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं। आलमगीर आलम राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। ऐसा भी कह सकते हैं कि राजनीति उन्हें विरासत में मिली है। सरपंच के चुनाव को जीतकर उन्होंने अपने राजनितिक करियर की शुरुआत की थी। वे 2000 में पहली बार विधानसभा के लिए चुने गए थे तब से लेकर अब तक वह चार बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं।
इसे भी पढ़ें-झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम के निजी सचिव के नौकर के घर पर ईडी की रेड, भारी मात्रा में नकदी बरामद
इसे भी पढ़ें-रियल स्टेट कंपनी तुलसियानी ग्रुप के लखनऊ, प्रयागराज समेत कई ठिकानों पर ईडी की रेड