भोपाल। उत्तर प्रदेश के साथ ही मध्य प्रदेश में भी नौ लोकसभा सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच भिंड में फायरिंग की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यहां आपसी विवाद में गोली बारी हुई है। वहीं चुनाव आयोग ने कहा कि इस फायरिंग का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन का कहना है कि भिंड में गोलीबारी की घटना सामने आई है, लेकिन इसका चुनाव से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि यह फायरिंग मतदान केंद्र से 400 मीटर दूरी पर हुई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गुना में ईवीएम की खराबी के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, गुना में अफवाह थी कि एक बूथ पर 11 वोट पड़े जबकि ईवीएम में 50 वोट दिखाये गए। इस बारे में पुलिस अधिकारियों व चुनाव कर्मियों से पूछताछ की। राजन ने कहा- खबर गलत है। मतदाताओं की संख्या 905 थी, जिनमें से 295 ने सुबह 11 बजे तक वोट डाला, यानी यहां 32 प्रतिशत मतदान हुआ।
बता दें कि मध्य प्रदेश की नौ लोकसभा सीटों पर तीसरे चरण का मतदान चल रहा है। दोपहर तीन बजे तक 54.09 फीसदी वोट पड़ चुके थे. सबसे ज्यादा वोट राजगढ़ में 63.69 वोट पड़े। सबसे कम वोट मुरैना को मिले। दोपहर 3 बजे तक यहां 48.43% वोट दर्ज हो चुके थे।
इसे भी पढ़ें-लोकसभा चुनाव 2024: आज से दो दिन यूपी को मथेंगे पीएम, इन जिलों में करेंगे जनसभा
इसे भी पढ़ें-लोकसभा चुनाव 2024: पल्लवी पटेल के इस प्लान ने बढ़ाई सपा-भाजपा की टेंशन
