आगरा। आगरा में अति सुरक्षित ताज महल के येलो जोन में नगला पैमा स्थित एक धार्मिक स्थल पर रविवार को एक महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। शव अर्धनग्न अवस्था में मिला। इससे दुष्कर्म की संभावना जताई जा रही है। दोपहर को जब नमाजी पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। मृतक के सिर के पास भारी पत्थर पड़ा हुआ था।हत्या के बाद धार्मिक परिसर के कमरों में ताला लगा दिया गया था।
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने पति से अलग होने के बाद कई सालों तक ताजगंज जिले में अपने मायके में रह रही थी। वह एक धार्मिक स्थल पर सफाई का काम कर अपनी जीविका चला रही थी। अपराध किसने और कब किया, इसकी जांच के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। पुलिस को संदेह है कि किसी ने धार्मिक स्थल पर जाकर हत्या की है। दरअसल, ताज महल के पूर्वी गेट से दशहरा घाट तक जाने वाले रास्ते पर हाई सिक्योरिटी जोन के पुलिस घेरे से 100 मीटर की दूरी पर एक बहुत पुराना धार्मिक स्थल है, जिसकी देखभाल संजय कॉलोनी निवासी अली मोहम्मद करते हैं। रविवार दोपहर डेढ़ बजे अहमद बुखारी निवासी आसिफ धार्मिक स्थल पर पहुंचे।
शव के पास पड़ा था भारी पत्थर
उन्होंने पुलिस को बताया कि धार्मिक परिसर का मुख्य लोहे का दरवाजा अंदर से बंद था तो उन्हें ऐसा लगा जैसे कोई पहले आ गया हो। उन्होंने उससे दरवाजा खोलने को कहा लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। आसिफ ने बताया जब कोई उत्तर नहीं मिला तो उन्होंने गेट से अन्दर झांका तो देखा कमरे में पंखा चल रहा था। इस पर वह दीवार फांद कर अंदर चले गए। अंदर कमरे का गेट बंद था तो उन्होंने दरवाजे के बगल वाली खिड़की से अंदर झांका तो देखा वहां एक शव पड़ा था और उसके पास एक पत्थर पड़ा था और कमरे में खून फैला हुआ था। आसिफ ने कहा जब उसने खून देखा तो वह डर गया और चिल्लाते हुए बाहर भागा। पास में ही विष्णु की परचून की दुकान है, उसने उन्हें जाकर बताया और फिर बैरियर पर जाकर पुलिस को जानकारी दी।
सूख चुका था फर्श पर पड़ा खून
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। लड़की का हैंडबैग उसके कमरे में मिला, जिसमें एक युवक की तस्वीर थी। इसके अलावा, कुछ रुपये भी पड़े थे। युवक की पहचान ताजगंज के विरोकपुरा निवासी के रूप में हुई है। इस पर पुलिस उसके घर पहुंची तब जाकर मृतका की शिनाख्त हो सकी। हादसे को लेकर पुलिस का कहना है कि मृतक का शरीर अकड़ गया है। फर्श पर पड़ा खून भी सूख चुका है। डेढ़ बजे आसिफ आया था। महिला सुबह 9:30 बजे उस धार्मिक स्थान से चली गई जहां वह काम करती थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्या शव मिलने से चार घंटे पहले की गई है।
ये हैं अनसुलझे सवाल
- महिला की हत्या किसने और क्यों की?– महिला धर्मस्थल के अंदर कैसे पहुंच गई?
- हत्यारे को धार्मिक स्थल के बारे में कैसे पता चला?
- परिवार के लोगों ने किसी पर शक नहीं जताया, क्या महिला हत्यारे को पहले से जानती थी?
- हत्या के बाद आरोपी किस रास्ते से भागा होगा?
- 100 मीटर दूर पुलिस का बैरियर भी है। वहां कैमरे भी लगे हैं। क्या वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने हत्यारोपी को देखा होगा?
- सीसीटीवी फुटेज में कौन नजर आ रहा है?
- महिला ने ताबीज बनवाने के लिए युवक का फोटो लिया था। वह ताबीज किससे बनवाती थी?
- धर्मस्थल के बगल मजार परिसर में कई पत्थर पड़े थे, इन्हीं पत्थरों से हत्या होने की आशंका है?
इसे भी पढ़ें-पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, भाई ने लगाया हत्या का आरोप, पूरी चौकी सस्पेंड
इसे भी पढ़ें-सीतापुर हत्याकांड: अनुराग ने नहीं अजीत ने की थी सबकी हत्या
